Raebareli : रायबरेली जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बताते हुए चलें कि धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित मौर्य की गिरफ्तारी को लोकतंत्र पर हमला बताया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, हाल ही में दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मौर्य को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करना सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। धरना स्थल पर संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोहित मौर्य को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मोहित मौर्य की अविलंब रिहाई की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र बचाओ” और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।










