Raebareli : सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक राही के पूरे दूबे मजरे लोधवारी गांव में मंगलवार को मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक भावुक दृश्य देखने को मिला। सदर विधायक अदिति सिंह स्वयं गांव पहुंचीं और हाल ही में अनाथ हुए बच्चों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
बताते चलें कि गांव की रहने वाली अनु की मां का करीब डेढ़ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। इसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ उस समय टूट पड़ा जब उनके पिता चिन्ता मणि उर्फ चिन्ता का शव सई नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। माता-पिता के निधन के बाद बच्चे पूरी तरह असहाय हो गए हैं और उनके सामने जीवनयापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

मंगलवार 24 फरवरी 2026 को लगभग दोपहर 3:00 बजे विधायक अदिति सिंह गांव पहुंचीं। उन्होंने बच्चों और परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत कर आवश्यक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण और सुरक्षा की जिम्मेदारी समाज और प्रशासन दोनों की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अनाथ हुए बच्चों को हर संभव आर्थिक व सामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ तत्काल सुनिश्चित कराया जाए।
गांव में विधायक के आगमन पर स्थानीय लोगों ने भी बच्चों की मदद के लिए आगे आने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्थायी व्यवस्था की जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। विधायक के इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।










