Raebareli : आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रवि कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार नौहवार एवं मिल एरिया थाना प्रभारी विंध्य विनय ने भारी पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च थाना मिल एरिया क्षेत्र के राही बाजार, तकिया चौराहा, रतापुर चौराहा सहित अन्य संवेदनशील गांवों और प्रमुख चौराहों पर निकाला गया। इस दौरान पुलिस टीम ने पैदल गश्त करते हुए स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों ने आम जनमानस से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना की।
पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील भी की गई है।
रायबरेली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि सभी नागरिक अपने-अपने त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना सकें।










