Raebareli : जनपद के राही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ताला गोपालपुर के ग्रामीणों ने गांव की जर्जर हो चुकी मुख्य संपर्क मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिला पंचायत द्वारा निर्मित यह सड़क वर्तमान समय में अत्यंत खराब और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि आज दिनांक 10 मार्च 2026 दिन मंगलवार को समय करीब 1:00 बजे ग्राम ताला गोपालपुर निवासी कुलदीप सिंह पुत्र राम कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया कि गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बरसात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है, जिससे गांव के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में होने वाली किसी भी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर सड़क का जल्द से जल्द स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई जाए। साथ ही प्रार्थी को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान कर गांववासियों को राहत दिलाएगा।










