Raebareli : रायबरेली में उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को रायबरेली में कुछ अधिकारी और जनप्रतिनिधि खुलकर चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला रायबरेली जनपद के डलमऊ तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा सराय दिलावर दरबानीहार का है, जहां दर्जनों परिवार पिछले चार वर्षों से नाली निर्माण की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि नाली के लिए 25 मीटर का प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन पंचायत सचिव, बीडीओ और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से सिर्फ करीब 9 मीटर नाली का निर्माण कराया गया। बाकी हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे गंदा पानी घरों के आसपास ही जमा हो रहा है।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत, तहसील दिवस और थाना दिवस में प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मंगलवार 10 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पीड़ित परिवार गांव के अन्य लोगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और अपनी समस्या को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाई।
पीड़ितों का कहना है कि नाली का निकास न होने के कारण घरों में गंदा पानी भरा रहता है, जिससे मच्छर और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
जिलाधिकारी कार्यालय में सुनवाई न होने के बाद पीड़ित परिवार मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता के पास पहुंचा, जहां उन्हें जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया
अब सवाल यह उठता है कि खबर सामने आने के बाद क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाएगा या फिर उन्हें इसी तरह दर-दर भटकना पड़ेगा।
पीड़ितों का आरोप है कि गांव के प्रधान की दबंगई के कारण उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रधान को समस्या से अवगत कराया, लेकिन उन्हें धमकाते हुए कहा गया कि जहां शिकायत करनी है कर लो, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या चार साल से परेशान पीड़ित परिवार को आखिरकार न्याय मिल पाता है या नहीं।










