Raebareli : रायबरेली शहर में इन दिनों एलपीजी गैस (LPG Gas) को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती दिखाई दे रही है। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदाम, कार्यालय और वितरण केंद्रों पर सिलेंडर लेने और केवाईसी (KYC) अपडेट कराने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं।
सुबह से ही लग रही लंबी लाइनें

मंगलवार, 10 मार्च 2026 को रायबरेली शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित एलपीजी गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। लोग अपने घरेलू गैस सिलेंडर लेने और केवाईसी अपडेट कराने के लिए सुबह से ही एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हो गए। कई जगहों पर महिलाओं और बुजुर्गों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
KYC अपडेट की अनिवार्यता से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस की किल्लत और केवाईसी अपडेट की अनिवार्यता के चलते एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण की व्यवस्था सही तरीके से नहीं हो पा रही है, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर न मिल पाने से उनकी दिक्कतें और बढ़ गई हैं। एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारों और भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिल रही है।
फिलहाल उपभोक्ता उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन और गैस एजेंसी प्रबंधन जल्द ही इस समस्या का समाधान करेंगे, ताकि लोगों को गैस सिलेंडर के लिए घंटों लाइन में न लगना पड़े।










