Raebareli : रायबरेली जनपद में प्रेम विवाह के बाद युवक पर दर्ज मुकदमे को लेकर नया विवाद सामने आया है। बुधवार 11 मार्च 2026 को करीब दोपहर 2 बजे डीह थाना क्षेत्र के ग्राम बछवल खुर्द हाजीपुर निवासी हरभजन पुत्र बद्री प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता हरभजन का आरोप है कि उसके पुत्र आदित्य कुमार (23 वर्ष) ने अपने ही गांव की तनु द्विवेदी (19 वर्ष) पुत्री मनोज द्विवेदी के साथ 28 फरवरी 2026 को लखनऊ स्थित आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सिंदूरदान कर विवाह कर लिया था। इसके बावजूद लड़की पक्ष के दबाव में डीह थाना पुलिस ने आदित्य कुमार व अन्य लोगों के खिलाफ मनमाने तरीके से फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया।

हरभजन ने आरोप लगाया कि लड़की के पिता मनोज कुमार द्विवेदी ने इस विवाह से नाराज होकर पुलिस के साथ मिलकर साजिशन मुकदमा दर्ज कराया है और उसके पुत्र व अन्य लोगों को झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि जब दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी कर चुके हैं, तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करना गलत है।
पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पुत्र और परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत पत्र प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है।










