चंदापुर पुलिस का एक्शन: नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी, बच्ची से छेड़छाड़ का था आरोप

रायबरेली जिले में एक बार फिर मासूम की अस्मिता से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। चंदापुर थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की सक्रियता से लोगों ने राहत की सांस ली है।

शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

पीड़िता की मां ने 18 फरवरी 2026 को थाना चंदापुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अमेठी जनपद के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले रामू नामक व्यक्ति ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ गलत हरकत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर लगातार दबिश देकर लोकेशन ट्रैक की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

करीब एक महीने तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा, लेकिन 17 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। चंदापुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे उसकी एक न चली।

पॉक्सो (POCSO) एक्ट में भेजा गया जेल

पुलिस ने थाना क्षेत्र से पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के वांछित अभियुक्त रामू पुत्र परमेश्वर को गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम सराय माजरा पीढ़ी का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में चंदापुर थाना की टीम ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक अमित मलिक, उप निरीक्षक राजकुमार सिंह, आरक्षी मुकेश कुमार शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment