सदर तहसील क्षेत्र सहित अन्य जगहों पर तेज आंधी-तूफान का कहर: किसानों की फसलें बर्बाद, लाखों का नुकसान मुआवाजे की मांग

सदर तहसील समेत कई इलाकों में तेज हवाओं ने मचाई तबाही, गेहूं, आम और तिलहन की फसलें बर्बाद

रायबरेली में 5 अप्रैल 2026 दिन शनिवार की रात करीब 10:00 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ आए भीषण तूफान ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। रातभर चले इस तूफान ने खासकर किसानों की कमर तोड़ दी। कई गांवों में गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।

सदर तहसील क्षेत्र समेत जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के चलते न केवल फसलें चौपट हुईं, बल्कि लोगों के घरों और आसपास रखे सामान भी इधर-उधर बिखर गए। कई स्थानों पर टीन शेड उड़कर दूर जा गिरे और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार हवा इतनी तेज थी कि भारी सामान भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच गया।

इस प्राकृतिक आपदा में गेहूं के साथ-साथ आम, तिलहन और अन्य फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। यह फसलें किसानों के लिए आजीविका का मुख्य स्रोत थीं, जो एक ही रात में नष्ट हो गईं। किसानों का कहना है कि कई महीनों की मेहनत पर इस तूफान ने पानी फेर दिया है।

स्थानीय निवासी रामकुमार, दिलीप, अमित कुमार और राम नारायण समेत कई किसानों ने बताया कि उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि तूफान के चलते बिजली व्यवस्था भी बाधित हुई और कई इलाकों में रातभर अंधेरा छाया रहा। अब किसान प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं कि उन्हें राहत प्रदान की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आंकलन करने की तैयारी की जा रही है। अगर समय रहते सहायता नहीं मिली तो प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।

Other Latest News

Leave a Comment