मौसम और वर्षा को लेकर DM ने किया प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण, फसल क्षति पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लगातार बारिश से बिगड़े हालात, प्रशासन अलर्ट; प्रभावित किसानों को जल्द राहत देने के आदेश

रायबरेली में आज दिनांक 5 मार्च 2026 दिन रविवार को समय करीब 12 बजे सदर तहसील क्षेत्र के राही ब्लॉक में लगातार खराब मौसम और अत्यधिक वर्षा से जनपद में फसलों, पशुओं तथा लोगों पर पड़ रहे संभावित प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) हर्षिता माथुर ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ तहसील सदर क्षेत्र के अंतर्गत राजस्व ग्राम गढ़ी मुतवल्ली का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने जनसुरक्षा, राहत कार्यों की प्रगति तथा समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति की किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाए और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए तथा राहत एवं सहायता कार्यों में किसी प्रकार का विलंब न हो।

डीएम हर्षिता माथुर ने जोर देते हुए कहा, “वर्तमान स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। जन सुरक्षा सर्वोपरि है।जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें। राजस्व एवं अन्य संबंधित टीमों को पूर्ण रूप से सक्रिय रखा जाए। सभी लेखपालों को अपने क्षेत्र में भ्रमण कर क्षति का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, सभी अधिकारियों को आदेश दिया गया कि जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन कर तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि राहत कार्यों में कोई देरी न हो।

उपस्थित अधिकारी

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) अमृता सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी और राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी के इन सख्त निर्देशों से प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। किसानों और आमजन में राहत का माहौल है, जबकि प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है।

Other Latest News

Leave a Comment