रायबरेली: शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में 10 अप्रैल 2026 दिन शुक्रवार की रात करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि घर की एक महिला ने मच्छरों से बचाव के लिए मार्टिन कॉइल जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी कॉइल से आग भड़क उठी, जिसने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घरवालों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों की तत्परता से किसी तरह आग को फैलने से रोका गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
वहीं, सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड मौके पर देर से पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। अगर समय रहते दमकल विभाग पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावह लपटें साफ देखी जा सकती हैं।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।











Biutyfull