बोकारो थर्मल: केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को कक्षा 5 में नामांकन के लिए लॉटरी का ऑफलाइन आयोजन विद्यालय परिसर में प्रातः 11:30 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे एवं वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी (दा. घा. नि. परियोजना) द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

इसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के नामित प्रतिनिधि मनीष कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कक्षा 5 में प्रवेश हेतु लॉटरी प्रक्रिया प्रारंभ की गई। विभिन्न श्रेणियों में नामांकन के इच्छुक विद्यार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे ने केन्द्रीय विद्यालय की उपयोगिता, चयन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम एवं शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए बच्चों के समुचित विकास में अभिभावकों की भूमिका पर भी जोर दिया। पूरी लॉटरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
प्रवेश प्रभारी राकेश पाठक ने प्रवेश नियमों की जानकारी दी, जबकि प्रधानाध्यापिका विभा रानी श्रीवास्तव ने शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन प्रभात कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विभा रानी श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर प्रभात कुमार, सना परवीन एवं निर्मल कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।










