रायबरेली: जनपद के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा दूलाराय गढ़ी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी बच्चू लाल लोधी के घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान, नकदी, कपड़े और वर्षों की मेहनत से बना आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, जिससे परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक राहुल लोधी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।










