हेलमेट पहने होने के बावजूद काट दिया ₹1000 का चालान, ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

रायबरेली : पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद जिले में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी और लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जिसने आम जनता के बीच नाराजगी पैदा कर दी है। मामला उस बाइक चालक से जुड़ा है, जिसका ट्रैफिक पुलिस द्वारा ₹1000 का चालान काट दिया गया, जबकि फोटो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि चालक ने हेलमेट पहन रखा है।

बताया जा रहा है कि संबंधित बाइक सवार नियमों का पालन करते हुए हेलमेट लगाकर वाहन चला रहा था, इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस ने बिना सही जांच-पड़ताल किए उसका चालान कर दिया। चालान की वजह हेलमेट न पहनना बताई गई, जो फोटो और प्रत्यक्ष स्थिति से पूरी तरह विपरीत नजर आ रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस स्वयं बिना तथ्य जांचे चालान करेगी, तो आम जनता का भरोसा व्यवस्था से उठ जाएगा। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार लगातार यातायात व्यवस्था को सुधारने और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश देते रहे हैं, लेकिन कुछ ट्रैफिक कर्मियों की लापरवाही इन निर्देशों की धज्जियां उड़ाती नजर आ रही है।

पीड़ित वाहन चालक ने जिले के कार्यकारी अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गलत तरीके से काटे गए चालान को निरस्त करने की भी अपील की गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल पुलिस की छवि खराब करती हैं, बल्कि आम लोगों को मानसिक और आर्थिक रूप से भी परेशान करती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पर रोक लगाई जाए, ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके।

Other Latest News

Leave a Comment