Raebareli: हरचंदपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जनता एक्सप्रेस से उतरते समय एक महिला प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल हो गई। हादसा ट्रेन संख्या 15119 जनता एक्सप्रेस के स्टेशन से रवाना होने के बाद करीब दोपहर 2:15 बजे हुआ। घायल महिला बोलने में असमर्थ थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान गुड़िया पत्नी मुल्ला खां, निवासी ग्राम शमशेरगंज, थाना हरचंदपुर, रायबरेली के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अमेठी जिले के हस्तिला गांव स्थित अपनी बहन के घर गई थी और वहां से वापस अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय वह गिरकर चोटिल हो गई।

घटना के समय निराला नगर, रायबरेली निवासी अजय मिश्रा जनता एक्सप्रेस से हरचंदपुर में आयोजित भंडारे में शामिल होने आ रहे थे। उन्होंने घायल महिला को देखकर मदद के लिए 108 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस की मदद से महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। बताया गया कि महिला करीब दो घंटे तक सीएचसी में रही। इसके बाद जीआरपी थाना रायबरेली के थानाध्यक्ष सचिन पटेल, महिला कांस्टेबल आरती और कांस्टेबल चालक अमित रजक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां महिला कांस्टेबल आरती को उसकी देखरेख के लिए तैनात किया गया।
इस दौरान अजय मिश्रा ने घायल महिला के पास मिले चार हजार रुपये और चांदी की बिछिया सुरक्षित रखते हुए एंबुलेंस कर्मियों के सुपुर्द कर दिए, ताकि महिला का सामान सुरक्षित रह सके। पुलिस के अनुसार, महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है और अमेठी के हस्तिला गांव से उसके रिश्तेदार रायबरेली पहुंच रहे हैं। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।










