प्रिंसिपल की बदसलूकी से भड़के अभिभावक, कॉपियां बाहर से खरीदने पर विवाद; नाम काटने की दी धमकी

किताब-कॉपी खरीद को लेकर विवाद, अभिभावकों ने लगाए कमीशनखोरी और अभद्र व्यवहार के आरोप

हरदोई : शहर के एसपी तिराहा स्थित एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल और एक अभिभावक के बीच कॉपियां बाहर से खरीदने को लेकर हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है। स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा पर अभिभावकों ने अभद्र व्यवहार, दबाव बनाकर तय दुकानों से किताब-कॉपियां खरीदवाने और विरोध करने पर बच्चों का नाम काटने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामला तब बढ़ा जब अभिभावक नीलम वर्मा अपने बच्चे की पढ़ाई से संबंधित कॉपियों को लेकर स्कूल पहुंचीं। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार यह दबाव बनाया जाता है कि किताबें और कॉपियां केवल स्कूल द्वारा तय की गई दुकानों से ही खरीदी जाएं। बाहर से सामान खरीदने पर आपत्ति जताई जाती है और अभिभावकों को अपमानित किया जाता है।

नीलम वर्मा ने बताया कि उन्होंने जब इस व्यवस्था पर सवाल उठाया और बाहर से कॉपियां खरीदने की बात कही, तो प्रिंसिपल ममता मिश्रा भड़क गईं। आरोप है कि प्रिंसिपल ने खुलेआम अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बच्चे का नाम स्कूल से काटने तक की धमकी दे डाली। इस दौरान वह ऊंची आवाज में चिल्लाती नजर आईं, जिससे वहां मौजूद अन्य अभिभावक भी हैरान रह गए।

घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसमें प्रिंसिपल का आक्रामक व्यवहार साफ देखा जा सकता है। अभिभावकों का कहना है कि ऐसा व्यवहार किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए शर्मनाक है। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों की शिक्षा से ज्यादा कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।

स्थानीय अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन कुछ तय दुकानदारों से सांठगांठ कर किताबें और कॉपियां महंगे दामों पर बिकवाता है। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। जो लोग इसका विरोध करते हैं, उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।

अभिभावकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की मनमानी और अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में काफी नाराजगी है और लोग स्कूल प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Other Latest News

Leave a Comment