निजी हॉस्पिटल बना मौत का अड्डा! महिला की मौत पर फूटा गुस्सा, परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर गंभीर आरोप

रायबरेली: जिले में स्वास्थ्य विभाग की कथित मिलीभगत से फल-फूल रहे निजी हॉस्पिटल पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मिल एरिया थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के नीचे संचालित निजी हॉस्पिटल में एक महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका के परिजनों और रिश्तेदारों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करते हुए डॉक्टरों, स्टाफ और सफाई कर्मचारियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर भारी पुलिस बल, मिल एरिया थाना पुलिस और एडिशनल सीएमओ को पहुंचना पड़ा।

बताते चलें कि थाना क्षेत्र के छोटा घोसियाना स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में मंगलवार की शाम करीब 4 बजे महिला की मौत पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया बता दें कि। लालगंज थाना क्षेत्र के सैमसी मटेहना निवासी सीमा (35), पुत्री गंगाराम, बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि वहां से एक प्राइवेट एंबुलेंस के जरिए उन्हें नवजीवन हॉस्पिटल लाया गया, जहां सोमवार शाम करीब 7 बजे भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल ने मरने के बाद सीटी स्कैन कराया और इलाज के नाम पर लगभग डेढ़ लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन सही उपचार नहीं दिया गया। लापरवाही इतनी थी कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही और अंततः उसकी जान चली गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद बदहाल थी। यहां तक कि शौचालय का दरवाजा तक नहीं खोला जा रहा था और मरीजों को गंदा पानी पिलाया गया। आरोप यह भी है कि अस्पताल में लैट्रिन का पानी तक पिलाया गया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने अस्पताल बंद कराने, डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग की। कुछ लोगों ने रोड जाम करने की भी कोशिश की।

मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार और एडिशनल सीएमओ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले ने जिले के निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Other Latest News

Leave a Comment