जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को किया रवाना

ऑनलाइन पोर्टल से खुद भर सकेंगे जानकारी, 16 मई से घर-घर सर्वे; डेटा सुरक्षा पर प्रशासन का खास जोर

बोकारो: जनगणना 2027 के तहत जिले में स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य 01 मई 2026 से प्रारंभ हो गया है, जो 15 मई 2026 तक चलेगा। इसके बाद दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।

जनभागीदारी बढ़ाने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपायुक्त अजय नाथ झा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के सभी प्रखंडों में घूमकर लोगों को जनगणना के महत्व और स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगा।

इस अभियान की निगरानी जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की जाएगी। जिले में जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए लगभग 4823 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उपायुक्त, नगर निगम आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। साथ ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए 99 प्रशिक्षण बैच तैयार कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

स्व-गणना की विशेषताएं

स्व-गणना (SE) के तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल http//se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़े 33 प्रश्नों के उत्तर स्वयं दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। स्व-गणना ऐच्छिक है। उत्तरदाता पोर्टल पर लॉग-इन कर जानकारी भरने के बाद एक यूनिक SE-ID प्राप्त करेगा, जिसे फील्ड विजिट के दौरान प्रगणक के साथ साझा करना होगा। यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं करता है, तो प्रगणक निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।

डेटा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जनगणना के दौरान एकत्रित आंकड़ों की सुरक्षा के लिए उन्नत तकनीकी और कानूनी प्रावधान किए गए हैं। डेटा ट्रांसमिशन और सर्वर स्तर पर एंड-टू-एंड सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। डेटा केंद्र ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणित हैं और इन्हें क्रिटिकल इंफॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर घोषित किया गया है। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों एवं विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।

मौके पर उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी आशोक खालको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment