बोकारो : समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित “हम आपको सुनते हैं” कार्यक्रम (जनता दरबार) में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनता दरबार में शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति विभाग सहित चास, पेटरवार, नावाडीह, चंदनकियारी, जरीडीह एवं चंद्रपुरा अंचल से जुड़े मामलों पर विस्तारपूर्वक सुनवाई की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनता दरबार में ईडब्ल्यू सर्टिफिकेट जारी करने में हो रही देरी और लंबित आवेदनों का मामला भी प्रमुखता से उठा।

इस पर उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को अलग से बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी अंचलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही।
उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। वहां प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की गई। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निष्पादन भी किया गया।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।










