अमेठी: फुरसतगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सुबह करीब 5 बजे एसबीआई बैंक के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
निमंत्रण से लौट रहे थे घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामसनेही गौड़ (62) निवासी मजरे कोटवार मऊ के रूप में हुई है। वे शनिवार शाम को अपने बहनोई छोटेलाल के यहां सैम्बसी गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रविवार तड़के वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

तेज रफ्तार बनी जानलेवा
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस वाहन ने टक्कर मारी वह काफी तेज गति में था। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही फुरसतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामसनेही गौड़ अपने पीछे चार बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। तीन बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटे बेटे की शादी अभी बाकी है। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष नन्द हौसिला यादव ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश भी जारी है।










