अमेठी : बकरीद को लेकर जायस थाना में प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक संपन्न

अमेठी के जायस थाना परिसर में आगामी बकरीद (Bakrid) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम तिलोई अमित सिंह, क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्र एवं थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से की।

भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

बैठक में नगर पालिका परिषद के कर्मचारी, सभासदगण, क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, धर्मगुरु एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की।

कुर्बानी को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किए नियम

अधिकारियों ने कहा कि बकरीद के दौरान कुर्बानी शासन की गाइडलाइन और निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अवशेष न फेंकने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका कर्मचारियों को त्योहार के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम तिलोई अमित सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं क्षेत्राधिकारी दिनेश मिश्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि माहौल बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर प्रशासन की खास नजर

थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आश्वासन दिया।

Other Latest News

Leave a Comment