कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन में जिला व्यापार बन्धु की बैठक सम्पन्न, अवैध वसूली पर डीएम के सख्त निर्देश

रायबरेली: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन में बुधवार शाम जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापार बन्धु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के व्यापारियों, उद्यमियों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें। उन्होंने कहा कि व्यापार एवं उद्योग के विकास के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा व्यापारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

बैठक में व्यापारियों द्वारा बिजली व्यवस्था, सड़क, यातायात, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका क्षेत्र में अवैध वसूली एवं अवैध स्टैण्ड संचालन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में कहीं भी अवैध स्टैण्ड संचालित नहीं होने चाहिए। अधिकृत स्टैण्डों पर निर्धारित शुल्क ही लिया जाए तथा शुल्क की रेट लिस्ट प्रत्येक स्टैण्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे ओवररेटिंग और अवैध वसूली की शिकायतें समाप्त हो सकें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा चालकों द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक लगाने तथा नाबालिग चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका को सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने एवं संबंधित वाहन स्वामियों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि जनपद में व्यापार एवं उद्योग को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार, उपायुक्त राज्यकर परमहंस लाल श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद स्वर्ण सिंह, एआरटीओ उमेश कटियार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment