अमेठी: सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से खानापुर चपरा स्थित विद्याकलश हाई स्कूल के स्काउट्स एवं शिक्षकों द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता संदेश और हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
स्काउट प्रभारी राहुल शुक्ल ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर उन्हें भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अखिलेश सिंह रहे, जिन्होंने यमराज की वेशभूषा धारण कर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। उनके प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों ने इस अनोखे प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
यह जागरूकता अभियान शंकरगंज, मोहनगंज एवं तिलोई क्षेत्र में चलाया गया, जिसमें स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। पुलिस कर्मियों ने भी लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्रवासियों ने विद्यालय की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य हिमांशु मिश्र, पीजीटी गणित धनंजय उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक, स्काउट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।










