कानपुर देहात: चार साल से भुगतान न मिलने पर विकास भवन पहुंचा युवक, आत्मदाह की चेतावनी से मचा हड़कंप

कानपुर देहात के माती स्थित विकास भवन में शनिवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक स्थानीय कारोबारी हाथ में बैनर लेकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) कार्यालय पहुंच गया और बकाया भुगतान न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी देने लगा। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

चार साल से भुगतान लंबित होने का दावा

अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले गौरव त्रिपाठी ‘मां की रसोई’ नाम से भोजनालय संचालित करते हैं। गौरव का आरोप है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यक्रमों में उन्होंने लंच पैकेट उपलब्ध कराए थे, लेकिन उसका भुगतान पिछले चार वर्षों से लंबित है। कई बार अधिकारियों से शिकायत और भुगतान की मांग के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।

परेशान होकर विकास भवन पहुंचा युवक

इसी से परेशान होकर गौरव त्रिपाठी विकास भवन स्थित एनआरएलएम कार्यालय पहुंच गए। हाथ में आत्मदाह की चेतावनी वाला बैनर लेकर पहुंचे युवक को देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उसे रोकने का प्रयास किया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनआरएलएम के जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसकी समस्या सुनी और भुगतान प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक शांत हुआ और मामला टल गया।

क्या कहा पीड़ित गौरव त्रिपाठी

वहीं एनआरएलएम के जिला समन्वयक गंगाराम ने बताया कि युवक की शिकायत पर संज्ञान लिया गया है। संबंधित प्रकरण की जांच कराते हुए नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।

आश्वासन के बाद शांत हुआ विवाद

फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया है, लेकिन चार वर्षों से लंबित भुगतान का आरोप प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े करता है। अब देखना होगा कि संबंधित युवक को उसका बकाया भुगतान कब तक मिल पाता है।

Other Latest News

Leave a Comment