औघड़ आश्रम मुंशीगंज में सैकड़ों मरीजों को निःशुल्क वितरित की गई पथरी की आयुर्वेदिक दवा

रायबरेली: जनपद के भदोखर थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के समीप मुंशीगंज बाईपास के पास स्थित वर्षों पुराने एवं प्रसिद्ध श्री सर्वेश्वरी समूह औघड़ आश्रम, मुंशीगंज में रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों पथरी रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक दवा वितरित की गई। आश्रम परिसर में आयोजित इस जनसेवा कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और दवा प्राप्त कर स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए दवा वितरण कार्यक्रम में रामप्यारे मौर्य द्वारा मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दवा सेवन की सही विधि, आवश्यक परहेज तथा उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक उपचार के साथ उचित खानपान और नियमित परहेज भी रोगमुक्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में पहुंचे कई पुराने मरीजों ने बताया कि वे पूर्व में भी आश्रम से दवा प्राप्त कर चुके हैं और उन्हें पथरी की समस्या में काफी राहत मिली है। वहीं बड़ी संख्या में नए मरीज भी पहली बार दवा लेने पहुंचे। मरीजों का कहना था कि आश्रम द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही आयुर्वेदिक दवा और मार्गदर्शन जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहा है।

आश्रम प्रशासन के अनुसार श्री सर्वेश्वरी समूह औघड़ आश्रम मुंशीगंज में प्रत्येक रविवार को आयुर्वेदिक पद्धति से निःशुल्क दवा वितरण का यह सेवा कार्य वर्षों से निरंतर संचालित किया जा रहा है। हर सप्ताह सैकड़ों मरीज यहां पहुंचकर दवा प्राप्त करते हैं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी लेते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में बृजेश सिंह, रमेश सिंह सहित सेवादार प्रशांतमणि सिंह “गोलू सिंह”, विनोद जायसवाल, गोविंद सिंह एडवोकेट, विवेक सिंह राठौर एडवोकेट, विवेक शर्मा एडवोकेट, कुलभूषण ओझा एडवोकेट, दिवाकर सिंह एडवोकेट, मोहित यादव एडवोकेट, गोवर्धन सिंह एडवोकेट तथा रामचंद्र समेत अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आश्रम परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवादारों की विशेष तैनाती की गई थी।

Other Latest News

Leave a Comment