देवानंदपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, बुजुर्ग महिला की मौत, 6 घायल, तीन एम्स रेफर

रायबरेली: जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित देवानंदपुर कस्बे में 11जून 2026 दिन गुरुवार की रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से दर्शन कर वापस अपने घर हमीरपुर जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया।

हादसे में घायल लोगों का जिला अस्पताल में उपचार शुरू कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने तत्काल एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ तथा एसडीएम सदर गौतम सिंह को जिला अस्पताल भेजकर घायलों के उपचार की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. रोशन पटेल ने बताया कि हादसे में कुल छह घायल अस्पताल लाए गए थे। प्राथमिक उपचार के दौरान तीन घायलों की हालत अत्यंत गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग अयोध्या में दर्शन-पूजन कर हमीरपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Other Latest News

Leave a Comment