कासगंज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा पर निशाना साधते हुए चुनावी प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे कासगंज में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में जो बेईमानी हुई है, यदि उसी तरह की लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में करने की कोशिश की गई तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा, “बिहार में जो बेईमानी की है, अगर यही लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में हो गई तो भविष्य में इसके बाद कहीं चुनाव नहीं होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों पर निर्भर करती है। यदि चुनावों में धांधली और सत्ता के दुरुपयोग की घटनाएं बढ़ती हैं तो जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था से भरोसा उठ सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए तथा भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी चुनावों से पहले सपा की आक्रामक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सपा अध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय आया है जब विभिन्न राज्यों में चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। उनके बयान पर अब भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।










