Amethi News: समाजसेवी रोहित सिंह ने शिक्षा की जगाई अलख, 51 छात्र-छात्राओं को वितरित की साइकिलें; प्राथमिक विद्यालय रजनपुर बनेगा हाईटेक

Amethi: तिलोई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए समाजसेवी रोहित सिंह (Rohit Singh) ने विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय रजनपुर सहित विभिन्न विद्यालयों के 51 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।

समाजसेवी रोहित सिंह ने शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय रजनपुर को गोद लिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी शहरों की तरह आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनका लक्ष्य है। इसी दिशा में विद्यालय को पूरी तरह हाईटेक बनाने की तैयारी की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान रोहित सिंह ने बच्चों के साथ स्वयं साइकिल चलाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से 1 जुलाई के बाद विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर शिक्षा, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, वाटर कूलर, सीसी रोड तथा बच्चों के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगभग एक सैकड़ा बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उनकी इस पहल से प्राथमिक विद्यालय रजनपुर की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम में तिलोई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। शिक्षकों ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय प्रयास बताते हुए समाजसेवी रोहित सिंह की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

स्थानीय लोगों, अभिभावकों और शिक्षकों ने कहा कि यदि इसी प्रकार समाज के सक्षम लोग शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दें तो सरकारी विद्यालयों की स्थिति में व्यापक सुधार संभव है। रोहित सिंह की इस पहल को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा है और लोग इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देख रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने साइकिल प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की घोषणा का स्वागत किया।

Other Latest News

Leave a Comment