Musafir Cafe OTT Release: बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी एक बार फिर ऐसे किरदार के साथ लौट रहे हैं, जिसमें भावनाएं, रिश्ते और जिंदगी के कई रंग एक साथ देखने को मिलेंगे। उनकी नई फिल्म ‘मुसाफिर कैफे’ अब सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए राहत की खबर है कि इसका प्रीमियर 24 जुलाई को होगा। फिल्म के एलान के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
लोकप्रिय उपन्यास से पर्दे तक का सफर
‘मुसाफिर कैफे’ की कहानी चर्चित लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के इसी नाम के चर्चित उपन्यास से प्रेरित है। साहित्य की दुनिया में लोकप्रिय रही इस कहानी को अब फिल्मी रूप दिया गया है। फिल्म का निर्माण Terribly Tiny Tales ने किया है। इसके क्रिएटर शरण्य राजगोपाल हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी रुचिर अरुण ने संभाली है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म मूल कहानी की संवेदनशीलता को बरकरार रखते हुए नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करेगी।

रिश्तों और भावनाओं से जुड़ी है कहानी
फिल्म की कहानी मध्य प्रदेश के भोपाल और उत्तराखंड के मसूरी जैसे खूबसूरत शहरों की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। कहानी का केंद्र एक छोटा-सा कैफे है, जिसका नाम ‘मुसाफिर कैफे’ है।
इस कैफे को चंदर नाम का युवक चलाता है, जिसकी भूमिका विक्रांत मैसी निभा रहे हैं। उनके जीवन में सुधा और प्रीति जैसे किरदार कई भावनात्मक मोड़ लेकर आते हैं। फिल्म में प्यार, बिछड़ने का दर्द, रिश्तों की उलझन और नई शुरुआत जैसे पहलुओं को बेहद सहज तरीके से दिखाने की कोशिश की गई है।
टीजर ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता
फिल्म का पहला टीजर रिलीज होने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। टीजर में खूबसूरत लोकेशन, शांत माहौल और भावनात्मक दृश्यों की झलक देखने को मिली है। सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने इसकी सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक की तारीफ की है। अब सभी की नजर पूरी फिल्म पर टिकी हुई है।
स्टारकास्ट में कई दमदार कलाकार शामिल
फिल्म में मुख्य भूमिकाओं के अलावा कई अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। मुख्य कलाकार में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा, सादिया सिद्दीकी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। मजबूत स्टारकास्ट के चलते फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
विक्रांत मैसी की लगातार बढ़ रही लोकप्रियता
पिछले कुछ वर्षों में विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) ने कंटेंट आधारित फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में अपनी अलग पहचान बनाई है। अलग-अलग किरदारों में खुद को ढालने की उनकी क्षमता दर्शकों को लगातार प्रभावित कर रही है। हाल ही में वह ‘आंखों की गुस्ताखियां’ और ‘ओ रोमियो’ में भी नजर आए थे। आने वाले समय में उनके पास कई नए प्रोजेक्ट भी हैं, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
’12th Fail’ से मिली पहचान
विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) के करियर को नई ऊंचाई देने वाली फिल्म ’12th Fail’ के बाद उनके हर नए प्रोजेक्ट पर दर्शकों की खास नजर रहती है। इस फिल्म में उनकी सादगीभरी अदाकारी को खूब सराहा गया था। यही वजह है कि ‘Musafir Cafe’ से भी दर्शकों को एक मजबूत और भावनात्मक कहानी की उम्मीद है। यदि फिल्म उपन्यास की संवेदनाओं को पर्दे पर उसी प्रभाव के साथ उतारने में सफल रहती है, तो यह OTT पर इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल हो सकती है।










