बोकारो थर्मल स्थित कार्मल उच्च विद्यालय में शनिवार को प्रोत्साहन विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार, विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर प्रेमलता, फादर रमेश एवं फादर माइकल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ‘मदर वेरोनिका एक्स स्कॉलर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की टॉपर बनी रुचि कुमारी को अवॉर्ड के साथ 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली लाडली कुमारी तथा तृतीय स्थान पर रहीं संस्कृति कुमारी को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा वार्षिक खेलकूद, कराटे एवं अन्य सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

मुख्य अतिथि बीडीओ मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “असफलता ही सफलता की सीढ़ी है।” उन्होंने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चार बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पांचवें प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की सुपीरियर सिस्टर मेविस एसी, फादर रमेश, प्राचार्या सिस्टर प्रेमलता, मरियम खेस, विश्वनाथ कुमार, अर्चना, पूनम, मोनिका, राखी, नंदनी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या सिस्टर प्रेमलता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।










