Raebareli News: मिल एरिया थाना दिवस में तहसील के अधिकारी रहे नदारद, खाली कुर्सियां बनीं सरकारी निर्देशों की गवाह; दो दर्जन से अधिक शिकायतें पहुंचीं

Raebareli: रायबरेली जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 11 जुलाई 2026 को मिल एरिया थाने में जिलाधिकारी सरनजीत कौंर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर थाना दिवस का आयोजन किया गया। थाना परिसर में सुबह से ही फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। थाना प्रभारी संजय कुमार की अध्यक्षता में तथा थाने में तैनात द्वितीय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में जनसुनवाई की गई।

थाना दिवस के दौरान सबसे अधिक चर्चा तहसील प्रशासन के अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर रही। सदर तहसील से केवल लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ही पहुंचे, जबकि नायब तहसीलदार, तहसीलदार सहित अन्य जिम्मेदार राजस्व अधिकारी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे। अधिकारियों के लिए लगाई गई कुर्सियां पूरे कार्यक्रम के दौरान खाली रहीं, जो सरकारी निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े करती नजर आईं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने थाना दिवस और तहसील दिवस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, ताकि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का मौके पर ही प्रभावी समाधान किया जा सके। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से फरियादियों को निराशा का सामना करना पड़ा।

थाना दिवस में कुल दो दर्जन से अधिक शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के लिए संबंधित क्षेत्र के लेखपाल एवं पुलिस टीम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित शिकायतों की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए।

थाना पुलिस ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। हालांकि, तहसील प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अधिकारी थाना दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में नहीं पहुंचते हैं, तो आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की मंशा प्रभावित होती है।

Other Latest News

Leave a Comment