Raebareli: रायबरेली में सोमवार 21 सितंबर 2026 को करीब दोपहर 12 बजे राही ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष बाबू दिलीप कुमार पाल के नेतृत्व में दर्जनों ग्राम प्रधानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्राम प्रधानों ने समय से कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्य बाधित होने की समस्या उठाई। उन्होंने ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यों की स्वीकृति और भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध करने की मांग की।
प्रधानों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई, हैंडपंप मरम्मत, स्कूल और आंगनबाड़ी से संबंधित कार्यों के साथ ही बारिश के बाद जलभराव और जल निकासी की समस्याओं का समाधान भी प्रभावित हो रहा है। समय से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण कई जरूरी कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि सचिवों द्वारा बार-बार नए नियम बताए जाने और स्वीकृतियों को दोबारा प्रेषित किए जाने के बावजूद समय से अनुमति नहीं मिल रही है। इसका खामियाजा ग्राम प्रधानों को ग्रामीणों की नाराजगी के रूप में भुगतना पड़ रहा है। प्रधानों के मुताबिक, जनता की समस्याओं के समाधान में देरी होने से जनप्रतिनिधियों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
रैंकिंग के दबाव के बीच भुगतान में आ रही परेशानी
ज्ञापन में प्रधानों ने बताया कि इस महीने की रैंकिंग को लेकर राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त से संबंधित भुगतान का दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, बिना आवश्यक स्वीकृति के भुगतान करना संभव नहीं है। इससे ग्राम पंचायतों के कामकाज में व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
प्रधान संघ ने कहा कि अन्य जनपदों में जरूरी और नियमित कार्यों की स्वीकृति तथा भुगतान को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन रायबरेली में ऐसी व्यवस्था स्पष्ट नहीं होने से ग्राम प्रधानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी से मांग की कि पंचायतों में आवश्यक कार्यों के लिए समय से स्वीकृति प्रदान करने, नियमित कार्यों को सुचारु रूप से कराने और भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। इससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी और विकास कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी।










