Amethi News: बुजुर्ग की मौत पर पुलिस के बयानों में विरोधाभास, सीओ बोले- चोट का कोई निशान नहीं, तस्वीरों और परिजनों के आरोपों ने खड़े किए सवाल

Amethi: अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के बयानों में सामने आए विरोधाभास ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। एक ओर तिलोई क्षेत्राधिकारी (सीओ) दिनेश कुमार ने मीडिया को दिए बयान में दावा किया कि मृतक के शरीर पर मारपीट या चोट का कोई निशान नहीं मिला है, वहीं दूसरी ओर मृतक की तस्वीरों और परिजनों के आरोपों ने पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों का आरोप है कि बुजुर्ग के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे गंभीर चोट लगी। उनका कहना है कि मृतक को खून से लथपथ हालत में देर शाम गौशाला से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहपुर लाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गौशाला में मौजूद कुछ लोगों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की, जिसके कारण उनकी मौत हुई। परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है और वास्तविक तथ्यों को सामने नहीं आने दिया जा रहा है।

वहीं, सीओ तिलोई दिनेश कुमार ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

इधर, शिवरतनगंज थाना पुलिस की कार्रवाई और अधिकारियों के अलग-अलग बयानों के चलते मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक के सिर पर दिखाई दे रहे घाव और खून से सने कपड़ों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं, जिसके बाद लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Other Latest News

Leave a Comment