Raebareli: रायबरेली जिले के सदर तहसील क्षेत्र के राही विकासखंड क्षेत्र में उत्तरपारा से विश्वनाथगंज को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़ी गिट्टियों के कारण राहगीरों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि इस मार्ग से गुजरने वाला हर व्यक्ति दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर है।
ग्रामीणों मैं आज दिनांक 21 जुलाई 2026 दिन मंगलवार को समय करीब 12:00 बजे सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए जिला प्रशासन से बनवाया जाने की मांग की है ग्रामीण का कहना है कि उत्तरपारा-विश्वनाथगंज मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी और कर्मचारी आवागमन करते हैं। लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती चली गई है। सड़क की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में सड़क पर बने गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। वहीं रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं। कई लोग इन गड्ढों की वजह से गिरकर घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले। सड़क की मरम्मत न होने से लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि उत्तरपारा-विश्वनाथगंज मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि विकास के दावों के बीच क्षेत्र की प्रमुख सड़क की यह बदहाल तस्वीर सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोल रही है।










