DAV National Sports 2026: डीएवी कथारा में 22 जुलाई से शुरू होगा खेलों का महाकुंभ

DAV National Sports: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत क्लस्टर-5 की क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 22 एवं 23 जुलाई को डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में किया जाएगा। इस दो दिवसीय खेल महोत्सव में क्लस्टर-5 के सात डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन विद्यालयों में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा, स्वांग, ललपनिया, तेनुघाट, भंडारीदाह, दुग्धा एवं डीएवी पब्लिक स्कूल सरिया शामिल हैं।

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत कुल 31 विभिन्न खेलों का प्रावधान है, जिनमें से डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा को इस वर्ष वॉलीबॉल, क्रिकेट एवं खो-खो प्रतियोगिताओं की मेजबानी का दायित्व मिला है। ये प्रतियोगिताएँ बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 तथा अंडर-19 आयु वर्गों में आयोजित की जाएँगी।

प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ 22 जुलाई को स्थानीय जीएम ग्राउंड, कथारा में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह -विद्यालय की स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री ए.के. बी. सिंह होंगे। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अर्पना सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह- विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान ने कहा कि “खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना का सर्वोत्तम साधन हैं। हमें विश्वास है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द का संदेश भी देगी। डीएवी कथारा सभी प्रतिभागियों के स्वागत के लिए पूर्णतः तैयार है और हम सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल एवं सफल प्रदर्शन की कामना करते हैं।”

DAV National Sports 1

प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण है। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी एवं खेल प्रशिक्षक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। मैदानों की तैयारी, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, सुरक्षा तथा अन्य सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। विद्यालय परिवार का एकमात्र लक्ष्य इस खेल महाकुंभ को अनुशासित, गरिमामय एवं यादगार बनाना है।

Other Latest News

Leave a Comment