Raebareli: रायबरेली जिले के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष द्वारा कथित रूप से की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
सुशील पासी के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता सुशील पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डीएम कार्यालय पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा जिला प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ सार्वजनिक मंच से जिस प्रकार की कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है।

सुशील पासी का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस (Congress) नेता सुशील पासी (Sushil Pasi) ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने, महंगाई कम करने और विकास के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज भी बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए समाज को जाति और धर्म के आधार पर विभाजन की राजनीति कर रही है।
राज्यमंत्री की मौजूदगी का भी लगाया आरोप
सुशील पासी ने कहा कि एक दिन पहले भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा और भड़काऊ बयानबाजी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंच पर मौजूद जिम्मेदार नेताओं ने भी इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई, जिससे ऐसे बयानों को बढ़ावा मिला।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि, विशेषकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जिलेभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपने विरोध को और तेज करेंगे तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।










