CCL Vidya Sarathi 2026: डीएवी कथारा बना ‘सीसीएल विद्या सारथी’ प्रवेश परीक्षा केंद्र, इंजीनियरिंग-मेडिकल की निशुल्क कोचिंग के लिए होगा चयन

CCL Vidya Sarathi 2026 के तहत इंजीनियरिंग और मेडिकल की निशुल्क कोचिंग के लिए प्रवेश परीक्षा आज डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में होगी। जानिए पूरी जानकारी।

CCL Vidya Sarathi 2026: कथारा सीसीएल की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत संचालित ‘सीसीएल विद्या सारथी’ दो वर्षीय निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम की प्रवेश परीक्षा के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा रविवार, 2 अगस्त को विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा-2028 की उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाएगी।

इस योजना के तहत सीसीएल कमांड क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित आईआईटी इंजीनियरों, अनुभवी चिकित्सकों और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया है। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। केवल ब्लू या ब्लैक बॉल पेन का उपयोग किया जा सकेगा।

वहीं मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, दसवीं की मार्कशीट की फोटोकॉपी तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा। विद्यालय प्रबंधन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा परिणाम घोषित होने तक एडमिट कार्ड सुरक्षित रखने की भी अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि केवल परीक्षा में शामिल होना प्रवेश की गारंटी नहीं है, अंतिम चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर किया जाएगा।

विद्यालय को इस प्रतिष्ठित परीक्षा का केंद्र बनाए जाने पर उत्साह का माहौल है। झारखंड जोन-1 के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एन. खान ने कहा कि विद्यालय परीक्षा के सफल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि ‘सीसीएल विद्या सारथी’ जैसी पहल दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की उत्कृष्ट तैयारी का अवसर मिलेगा और उनके सपनों को नई उड़ान मिलेगी।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए विद्यालय के वरीय शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, राकेश रंजन, नीरज सिन्हा, अदीब अहमद, विकास सिंह, शैबाल मुखर्जी सहित सभी शिक्षक एवं कर्मी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Other Latest News

Leave a Comment