Kanwar Yatra: रायबरेली कोतवाली नगर क्षेत्र के लखनऊ प्रयागराज हाईवे स्थित सिविल लाइन चौराहे पर जिलाधिकारी शरनजीत कौर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में सोमवार की शाम को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को आरटीओ विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चला रहे चालकों और नाबालिग ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान कई ई-रिक्शा सीज किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वैध दस्तावेज साथ रखने और नाबालिगों को वाहन न चलाने की हिदायत दी।

अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक हाईवे पर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










