Amethi: अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के रूकनपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे स्थित एक तालाब में एक बुजुर्ग महिला का शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही शिवरतनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका देर रात घर से शौचक्रिया के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे तालाब में महिला का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।










