Raebareli: रायबरेली रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक ऐसा दृश्य सामने आया, जहा शाम करीब 4 बजे एक बड़ा रेल हादसा जीआरपी (GRP) के एक सतर्क सिपाही की सूझबूझ और साहस के चलते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक महिला का पैर फिसल गया। कुछ ही सेकंड में स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़ लगाकर महिला को सुरक्षित खींच लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे जनता एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रही एक महिला सामान खरीदने के लिए नीचे उतरी थी। जब वह वापस लौटी तो ट्रेन चल चुकी थी। जल्दबाजी में महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह गंभीर हादसे की चपेट में आने वाली थी।

इसी बीच प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी सिपाही शिवपूजन चौधरी ने खतरे को भांपते हुए तत्काल दौड़ लगाई और महिला को मजबूती से पकड़कर सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से महिला की जान बच गई और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने सिपाही की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में भी सिपाही की फुर्ती और साहस साफ दिखाई दे रहा है।
जीआरपी थाना प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी ने सिपाही शिवपूजन चौधरी के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और तत्परता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। अधिकारियों ने इसे पुलिस के कर्तव्यनिष्ठ और मानवता के प्रति समर्पित स्वरूप का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।










