Raebareli: रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित पांच ज्वैलर्स की दुकानों में सेंधमारी कर चांदी के आभूषण व अन्य सामान चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 955 ग्राम सफेद धातु के जेवरात तथा चोरी में प्रयुक्त बताई जा रही एक अदद कार यूपी32 आरवाई 8466 बरामद की गई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार थाना मिल एरिया क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित पांच ज्वैलर्स की दुकानों में 3/4 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने घुसकर चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मामले में सरौता थाना महाराजगंज निवासी शुभम मौर्य पुत्र सदानंद की लिखित तहरीर पर थाना मिल एरिया में मुकदमा अपराध संख्या 0209/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम के कुशल नेतृत्व में एसओजी/सर्विलांस और थाना मिल एरिया पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
मुठभेड़ में दो बदमाश हुए थे घायल
पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को संयुक्त टीम की पुलिस मुठभेड़ में दो अभियुक्त शिवकुमार पुत्र बाबूलाल और बबलू पुत्र भुलाई, निवासी पेन्द्रई थाना महोली, जनपद सीतापुर, घायल हुए थे। दोनों के पैर में गोली लगी थी। इसके अलावा राकेश उर्फ छोटे पुत्र भुलाई, लवकुश पुत्र हिमाचल तथा सागर वर्मा पुत्र रघुनंदन प्रसाद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने मामले में वांछित अभियुक्त सतीश पुत्र संतोष कुमार, निवासी ग्राम लोनियन का पुरवा, थाना कोतवाली नगर, जनपद सीतापुर को 8 अगस्त को थाना क्षेत्र के मंचितपुर मोड़ से चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया।
955 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 955 ग्राम सफेद धातु के जेवरात और कार यूपी32 आरवाई 8466, जिस पर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और बरामदगी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, सहायक उपनिरीक्षक शाहजाद हुसैन, एएसआई पंकज राजौरा, एएसआई रत्नेश यादव और एएसआई गौरव राठी शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक ज्वैलर्स की दुकानों में हुई चोरी की इस वारदात में अब तक छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।










