Mahashivpuran Katha: कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने की पत्रकार वार्ता, ऊंचाहार में 11 सितंबर से होगा महाशिवपुराण कथा का भव्य आयोजन

कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने पत्रकार वार्ता में बताई कार्यक्रम की रूपरेखा, 5 लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था का दावा

Mahashivpuran Katha: रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में 11 सितंबर से होने जा रही महाशिवपुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आपको बता दे कि आज दिनांक 5 सितंबर 2026 दिन शनिवार को करीब दो बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के गोरा बाजार स्थित अपने निजी आवास पर कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडे ने पत्रकारों से वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि 11 सितंबर से 17 सितंबर तक महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि आयोजन स्थल पर करीब पांच लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ टेंट, आने-जाने के मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

मंत्री मनोज पांडे के मुताबिक कथा में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और न्यायपालिका से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। इसके अलावा भारत सरकार के मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही गई है। कथा का वाचन पंडित प्रदीप मिश्रा ‘सीहोर वाले’ करेंगे, जिन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

“यह शिव महापुराण कथा आपकी है, मेरी नहीं”

पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री मनोज पांडे ने आम जनमानस से कार्यक्रम में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी लोगों का है। उन्होंने इसे “आपकी शिव महापुराण कथा” बताते हुए रायबरेली की जनता, पत्रकारों, जिला प्रशासन और पुलिस से सहयोग की अपील की, ताकि इतने बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

2027 से पहले सियासी शक्ति प्रदर्शन की चर्चा

महाशिवपुराण कथा को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ऊंचाहार में यह कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे का बड़ा सार्वजनिक आयोजन माना जा रहा है। खास बात यह है कि मंत्री स्वयं ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

News Nation Bharat 1 8

एक ही आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के साथ मंत्री, विधायक, अधिकारी और देश-प्रदेश के बड़े राजनीतिक चेहरे एक मंच पर नजर आ सकते हैं। ऐसे में इस आयोजन को ऊंचाहार की सियासत में मंत्री मनोज पांडे के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

हालांकि, यह धार्मिक आयोजन ऊंचाहार की जनता के बीच मंत्री की राजनीतिक पकड़ को कितना मजबूत करता है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका कितना असर दिखाई देता है, इसका जवाब आने वाला समय और चुनावी नतीजे ही देंगे। फिलहाल महाशिवपुराण कथा को लेकर ऊंचाहार से लेकर रायबरेली तक राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही स्तरों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Other Latest News

Leave a Comment