रायबरेली में गूंजा हर-हर महादेव, Shiv Mahapuran Katha में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से सात दिवसीय कथा का शुभारंभ, परिवार सहित पहुंचे कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय

Shiv Mahapuran Katha: ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के चढ़रई चौराहे पर शुक्रवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से होने वाली सात दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा (Shiv Mahapuran Katha) का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन ही विशाल पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। चारों ओर हर-हर महादेव और भगवान शिव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कथा सुनने के लिए ऊंचाहार ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

कथा के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय अपनी पत्नी एवं परिवार के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर कथा का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए आयोजन को क्षेत्र के लिए सौभाग्य और आस्था का बड़ा अवसर बताया।

50 हजार से अधिक मातृशक्ति की कलश यात्रा का किया उल्लेख

कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार की जनता को शिव महापुराण कथा (Shiv Mahapuran Katha) सुनने का अवसर मिलना किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं है। यह भोले बाबा की कृपा और क्षेत्र की जनता के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आयोजन में नाम भले ही किसी एक व्यक्ति का हो, लेकिन इसे सफल बनाने में ऊंचाहार के एक-एक परिवार ने अपनी भूमिका निभाई है।

उन्होंने हाल ही में निकाली गई भव्य कलश यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि 50 हजार से अधिक माताओं और बहनों का कलश धारण कर यात्रा में शामिल होना अपने आप में ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाला दृश्य था। मातृशक्ति ने जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान शिव एवं सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की, वह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कलश यात्रा में शामिल सभी माताओं-बहनों का अभिनंदन किया।

पहले दिन ही उमड़ा आस्था का सैलाब

शिव महापुराण कथा (Shiv Mahapuran Katha) के प्रथम दिन ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से आयोजन स्थल पर आस्था का सैलाब दिखाई दिया। विशाल पंडाल में जगह-जगह श्रद्धालु कथा का श्रवण करते नजर आए। कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा का वर्णन शुरू होते ही श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए।

आयोजन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ कथा स्थल पर पहुंचे। कई श्रद्धालु दूर-दराज से घंटों का सफर तय कर यहां पहुंचे। कथा को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी धार्मिक माहौल बना हुआ है।

वीआईपी आगमन को लेकर भी तैयारियां

मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि आगामी दिनों में कई विशिष्ट अतिथियों के कथा स्थल पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 13 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, 15 सितंबर को तेलंगाना के राज्यपाल तथा 16 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों, केंद्रीय मंत्रियों और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के भी कथा में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

आयोजन समिति और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कथा के आगामी दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

सात दिनों तक चलेगा भक्ति का महासंगम

सात दिनों तक चलने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर ऊंचाहार समेत आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह है। कथा स्थल पर जिस तरह पहले ही दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा, उससे आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

शिव महापुराण कथा (Shiv Mahapuran Katha) न सिर्फ धार्मिक आयोजन के रूप में क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि इसने पूरे इलाके में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल भी बना दिया है। श्रद्धालुओं के बीच भगवान शिव के जयकारों और कथा के प्रति उत्साह को देखते हुए चढ़रई चौराहा इन दिनों आस्था के बड़े केंद्र के रूप में नजर आ रहा है।

Other Latest News

Leave a Comment