Amethi: बिजली कटौती और फसल मुआवजे को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

तिलोई में सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और बाढ़ से बर्बाद फसलों का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग

Amethi: अमेठी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों के उचित मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिलोई में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, तिलोई विधानसभा की युवा कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह और जायस नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और जनसमस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से सिंचाई व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

कांग्रेस नेताओं ने बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों का भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि बाढ़ के कारण कई किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, ऐसे में प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली कटौती में तत्काल सुधार कराने तथा बाढ़ प्रभावित किसानों को उचित फसल मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से दोनों समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

युवा कांग्रेस नेत्री सुनीता सिंह ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए अधिकारियों को चंद दिनों का समय दिया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और किसानों की फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से किसानों तथा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर आवाज उठाती रहेगी।

Other Latest News

Leave a Comment