Bokaro Thermal: बीटीपीएस में भाव पल्लवन एवं टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता आयोजित

Bokaro Thermal: राजभाषा कार्यान्वयन उपसमिति, दामोदर घाटी निगम, बोकारो ताप विद्युत केंद्र के तत्वावधान में आयोजित हिंदी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत दिनांक 28 सितंबर 2026 को बिरसा मुंडा भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में भाव पल्लवन एवं टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभागियों में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग, विचारों की स्पष्ट एवं क्रमबद्ध अभिव्यक्ति तथा रचनात्मक लेखन-कौशल को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कार्यालयीन विषयों से संबंधित प्रश्नों पर टिप्पण आलेखन तथा दिए गए चित्र के आधार पर भाव पल्लवन करने के लिए कहा गया। प्रतिभागियों ने विषय की समझ, भाषा की शुद्धता, विचारों की अभिव्यक्ति एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी लेखन क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में वरिष्ठ प्रबंधक संदीप भगत, प्रबंधक चंचला कुमारी, सहायक प्रबंधक ज्योति प्रकाश सिंह एवं आशुतोष अग्रवाल, कार्यपालक सिद्धार्थ पांडा, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक अरविंद कुमार शर्मा, सहायक नियंत्रक कमल कृष्ण भारती एवं रथीन मजुमदार, कनिष्ठ अभियंता चंद्र भूषण जायसवाल, संतोष कुमार एवं निशा कुमारी, मुख्य रोकड़िया दीपक कुमार, शिक्षक संतोष कुमार तिवारी एवं मनोज कुमार गुप्ता, शिक्षिका छाया कुमारी, सहायक ग्रेड–I रवि कुमार चक्रवर्ती, संजय कुमार राय एवं वेणुधर बेहेरा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रतियोगिता का पर्यवेक्षण सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) दीनानाथ शर्मा एवं सहायक ग्रेड–I (राजभाषा) तारकेश्वर जायसवारा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता ने हिंदी पखवाड़ा–2026 के आयोजन को सार्थकता प्रदान की तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग के प्रति सकारात्मक वातावरण को और सुदृढ़ किया।

Other Latest News

Leave a Comment