Raebareli: जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजमार्गों पर अवैध रूप से बनाए गए कटों को चिन्हित कर तत्काल बंद कराया जाए तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रवर्तन कार्यवाहियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनपद के प्रमुख चौराहों को यातायात की दृष्टि से सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। इसके लिए प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का सर्वे कराकर जहां स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग आदि की रिमार्किंग आवश्यक हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाए।
बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार एवं निवारण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस (IRAD) की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को समयबद्ध एवं शुद्ध रूप से अद्यतन किए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बिना फिटनेस के कोई भी स्कूल वाहन संचालित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई स्कूल वाहन बिना वैध फिटनेस के संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने गुड सेमेरिटन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित किया जाए तथा आमजन को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए जागरूक किया जाए, जिससे गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










