Farrukhabad: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शमसाबाद पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के दो इनामी चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों लंबे समय से चोरी के मामलों में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से इन्वर्टर, कई बैटरियां और नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शमसाबाद पुलिस ने एसओजी एवं सर्विलांस टीम के साथ मिलकर वांछित इनामी आरोपियों की तलाश तेज की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ दोनों आरोपी लग गए।

दोनों पर था 25-25 हजार का इनाम
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिर उर्फ चूहा पुत्र लट्टर खां उर्फ लटूरी निवासी ग्राम इस्लामनगर, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर तथा भूरे उर्फ बाटा पुत्र मेहंदी हसन निवासी मस्जिद नगला, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी थाना शमसाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 से संबंधित विवेचना में प्रकाश में आए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ चोरी के मामलों में कार्रवाई चल रही थी और उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
चोरी का सामान देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से माइक्रोटेक सोलर पीसीयू 2035/24V इन्वर्टर, लिवफास्ट मैक्सीमो 160Ah बैटरी, ल्यूमिनस शक्ति चार्ज 150Ah बैटरी, दो UTL 150Ah बैटरियां, माइक्रोटेक E1000 इन्वर्टर, अन्य बैटरियां तथा 2,530 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। भूरे उर्फ बाटा के खिलाफ शमसाबाद थाने में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं साकिर उर्फ चूहा के खिलाफ शमसाबाद के अलावा मिर्जापुर, कांट, कमालगंज और मदनापुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
पूछताछ में चोरी कर माल बेचने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने और चोरी किए गए सामान को बेचने की बात बताई है। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शमसाबाद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन सिंह चौधरी, उपनिरीक्षक हरीश कुमार, योगेश कुमार, कांस्टेबल सोहित कसाना, नितिन कुमार, राहुल कुमार, शैलेश, अंकुश कुमार और अभिषेक कुमार शामिल रहे। इसके अलावा प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक संत कुमार मय टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।










