Raebareli: गदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम चन्दई चरुहार की एक महिला ने अपने ही जेठ पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि जेवर दिलाने का झांसा देकर उसके जेठ अंसार अली ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया और ऊंचाहार थाना क्षेत्र में सुनसान स्थान के पास ले जाकर असलहे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक घटना के दौरान आरोपी ने उसका सोने का लॉकेट भी छीन लिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले जेवर दिलाने की बात कहकर उसे अपने साथ चलने के लिए तैयार किया। इसके बाद मोटरसाइकिल से उसे सुनसान जंगल के पास ले गया। आरोप है कि वहां असलहा दिखाकर उसे भयभीत किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद वह न्याय की उम्मीद लेकर ऊंचाहार थाने पहुंची, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने मामले में सुलह-समझौता करने का दबाव बनाया। इससे आहत महिला न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।
पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर उसकी सुनवाई नहीं हुई तो वह उच्चाधिकारियों के समक्ष शिकायत लेकर जाएगी।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










