Raebareli: घर में घुसकर आधा दर्जन दबंगों का तांडव, मां-बेटे पर जानलेवा हमला

ग्रामीणों के दौड़ाने पर आरोपियों के हवाई फायरिंग करने का दावा, घायल बेटे को जिला अस्पताल किया गया रेफर

Raebareli: सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे झाऊ मजरे विसैया गांव में बुधवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन दबंगों ने कथित रूप से एक घर में घुसकर मां-बेटे पर हमला कर दिया। हमले में रवि सिंह पुत्र हरदेव सिंह और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार देर शाम आरोपी लाठी-डंडों समेत घर में घुस आए और मां-बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपियों को दौड़ाया। आरोप है कि ग्रामीणों से घिरता देख हमलावर मौके से भागने लगे और इसी दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। हालांकि फायरिंग के आरोप की पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। रवि सिंह की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरुवार को थाने की पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू की।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। घटना के वास्तविक कारण और फायरिंग के आरोपों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Other Latest News

Leave a Comment