Raebareli: पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में गुरुवार को छात्राओं के साथ संवाद, मार्गदर्शन एवं अनुप्रेरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों, भविष्य की आकांक्षाओं और कैरियर को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए सबसे जरूरी है कि छात्राएं अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहें। समय का सदुपयोग करते हुए योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई और तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर भविष्य का लक्ष्य तय करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के जरिए उसे हासिल किया जा सकता है।

छात्राओं ने खुलकर साझा किए सवाल और सपने
कार्यक्रम में छात्राओं ने भी जिलाधिकारी के समक्ष अपने सवाल और जिज्ञासाएं खुलकर रखीं। छात्राओं ने अपनी पढ़ाई, विद्यालय की गतिविधियों और भविष्य में बनने वाले पेशे को लेकर विचार साझा किए। जिलाधिकारी ने छात्राओं के प्रश्नों का सहजता और आत्मीयता के साथ जवाब देते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और प्रत्येक अवसर का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता आने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। असफलता सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर है। छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ व्यक्तित्व विकास, सामान्य ज्ञान, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता पर भी ध्यान देने की सलाह दी गई।
‘सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें’
जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज की छात्राएं ही कल समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इसलिए उनमें शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को केवल सपना न रहने देने, बल्कि उन्हें लक्ष्य बनाकर उसके लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी से सीधे संवाद का अवसर मिलने पर छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, प्रधानाचार्य स्मिता मिश्रा, उप प्रधानाचार्य सुनीता सिंह, रचना सिंह, सरोज, कंचन यादव, सीमा, डॉ. माधवी पाण्डेय, दीपमाला दीक्षित, पूर्णिमा गुप्ता सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।










